झालावाड़ में सोमवार को बाल वाहिनियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक हुई। यह बैठक सचिवालय में एसपी अमित कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न निजी और राजकीय स्कूलों के संचालक, प्रतिनिधि तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। एसपी अमित कुमार ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि बाल वाहिनियों के संचालन में जारी दिशा-निर्देशों और नियमों का पूर्ण पालन अनिवार्य है। लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगामी दिनों में बाल वाहिनी नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और प्रत्येक बस में सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा करें। स्कूल बसों के ड्राइवरों की लिस्ट होगी तैयार बैठक में जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे जिले में संचालित सभी स्कूल बसों के ड्राइवरों की सूची तैयार करें। उनके लाइसेंस, लंबित मुकदमों और चालानों का सत्यापन किया जाए। जिन ड्राइवरों पर मुकदमे चल रहे हों, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन ने बाल वाहिनी संचालन से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक बस में सुरक्षा से संबंधित सभी संसाधन उपलब्ध होना अनिवार्य है। बसों में सीसीटीवी कैमरे और मानकों के अनुरूप जीपीएस सिस्टम लगाना आवश्यक है। सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी होगी बैठक के अंत में एसपी ने सभी विद्यालय प्रतिनिधियों से कहा कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों की नियमित जांच करें तथा प्रशासन द्वारा जारी प्रत्येक निर्देश की प्रभावी पालना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।