झालावाड़ शहर के नजदीक मुंडेरी पुलिया पर सेफ्टी नेट लगाने की मांग की गई है। यह मांग राजेश पायलट किसान संगठन के उपाध्यक्ष संजीव वर्मा ने की है। पिछले एक महीने में इस पुलिया से कूदकर आत्महत्या के 2 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें एक युवक और एक युवती शामिल हैं। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। संजीव वर्मा ने पुलिया के दोनों ओर सेफ्टी नेट लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि आजकल युवा अत्यधिक तनाव में आकर गलत कदम उठा लेते हैं। वर्मा ने कोटा बैराज पुलिया का उदाहरण दिया, जहां इसी तरह के बड़े लोहे के सेफ्टी नेट लगे हुए हैं ताकि लोग गलत कदम न उठाएं। पुलिया की अत्यधिक ऊंचाई से गिरने पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो जाती है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पुलिया पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परेशान दिख रहे संदिग्ध लोगों को ऐसी जगह से दूर ले जाना चाहिए। झालावाड़ जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पीजी कॉलेज और कई बड़े कोचिंग संस्थान हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। तनाव की स्थिति में वे गलत कदम उठा सकते हैं।