झालावाड़ के सुनेल थाना क्षेत्र के हेमड़ा गांव में चारागाह भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। शुक्रवार सुबह गांव की सैलून की दुकान पर पहुंचे आधा दर्जन लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ, पैर, सिर और घुटनों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सैलून की दुकान पर किया हमला घायल प्रधान सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वह गांव की एक सैलून की दुकान पर सेविंग कराने गया था। इसी दौरान आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अवैध खनन के विरोध की बताई वजह प्रधान सिंह का आरोप है कि उसने कुछ समय पहले गांव की चारागाह भूमि पर हो रहे अवैध खनन का विरोध किया था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उस पर हमला किया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए सुनेल अस्पताल लेकर पहुंचे। चार आरोपियों पर मामला दर्ज सुनेल थाना प्रभारी विष्णु सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।