झालावाड़ में सुनेल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर एयरगन लहराते हुए फोटो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शांति भंग की आशंका के तहत की गई है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिला पुलिस कार्यालय की साइबर सेल को सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि एक युवक ने एयर गन के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर डाली है, जिससे आमजन में भय का माहौल बन सकता है। सूचना के आधार पर सुनेल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में वायरल फोटो में दिख रहा युवक दानिश खां उर्फ गोलू (20), निवासी उन्हैल, थाना सुनेल, के रूप में पहचान हुई। पूछताछ के दौरान दानिश खां ने स्वीकार किया कि उसने ही यह फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। पुलिस ने फोटो में दिख रहे हथियार की जांच की, जो एक एयर गन निकली। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एयर गन लहराते हुए फोटो पोस्ट कर आमजन में भय और दहशत फैलाने की मंशा से आपत्तिजनक प्रदर्शन किया गया था। इसी के चलते युवक के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।