झालावाड़ जिले की झालरापाटन पंचायत समिति के बोरदा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्रामीणों ने हंगामा किया। अपनी समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पंचायत भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में लंबे समय से खेतों तक जाने वाले रास्ते और नालियों की समस्या बनी हुई है। संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी, जिससे उनमें नाराजगी थी। घटना की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी (एसडीएम), विकास अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर पंचायत भवन का ताला खोल दिया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि खेतों के रास्तों और नालियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में बारिश के कारण कई स्थानों पर रास्ते खराब हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।