झालावाड़ में मंगलवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह जहां आसमान साफ था और तेज धूप खिली हुई थी, वहीं शाम करीब 7 बजे घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग 15 मिनट तक चली इस बारिश के साथ हल्के चने के आकार के ओले भी गिरे, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण सड़क पर चल रहे बाइक चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बारिश से बचने के लिए दुकानों और छतों का सहारा लिया। बारिश के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। इस बेमौसम बारिश ने ग्रामीण इलाकों के किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। किसान जयेंद्र सिंह, रणजीत और कालूसिंह राठौड़ ने बताया कि बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचेगा, क्योंकि कई किसानों की फसलें कटने के बाद खुले में रखी हैं या मंडियों में लाई गई हैं। जानकारों के अनुसार, यह बेमौसम बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही है, जिससे किसानों को पूरी तरह नुकसान होने की संभावना है। बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।