झालावाड़ शहरवासियों को मंगलवार सुबह रिमझिम बारिश से बड़ी राहत मिली। सुबह करीब 7 बजे अचानक शुरू हुई बारिश ने पिछले 10 दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस से निजात दिलाई। इससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हल्की बारिश के दौरान लोग छाते लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते दिखे। बारिश के कारण सड़कों पर चहल-पहल कुछ देर के लिए कम रही, वहीं ठंडी हवाओं ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। इस मौसम परिवर्तन से लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। किसानों के चेहरों पर लौटी रौनक पिछले कई दिनों से जिले में बारिश नहीं होने के कारण शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग चिंतित थे। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। किसानों को विशेष चिंता थी, क्योंकि बारिश के अभाव में खरीफ फसलों की बढ़वार प्रभावित हो रही थी। आज सुबह हुई बारिश ने किसानों की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है। हालांकि, शहरवासियों और किसानों को अब भी अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार है, ताकि जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ सके और खेती-किसानी को पूरा लाभ मिल सके। उल्लेखनीय है कि जुलाई महीने में नाम मात्र की ही बारिश हुई है, जबकि झालावाड़ में आमतौर पर 1 जून से ही प्री-मानसून की अच्छी बारिश होती है। इस बार जुलाई का आधा महीना बीतने के बाद भी बारिश की कमी बनी हुई है।