झालावाड़ जिले के रटलाई थाना क्षेत्र के झितापुरा गांव में रविवार शाम एक पति ने अपनी पत्नी को कुएं में धक्का दे दिया। हालांकि कुएं में पानी कम होने के कारण ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे आंख के पास चोटें आई हैं। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। पीड़ित महिला कंचन बाई (40) ने बताया कि उसका पति राय सिंह उसे रविवार शाम प्याज की फसल में पानी पिलाने के बहाने खेत पर ले गया था। खेत पर कुएं के पास खड़े होकर वे प्याज की फसल में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पति ने उसे कुएं में पानी देखने के लिए कहा। जब वह कुएं में झांक रही थी, तभी पति राय सिंह ने उसे पीछे से धक्का दे दिया। साले को फोन कर गायब होने की दी झूठी सूचना कुएं में गिरने के बाद पति राय सिंह ने डग क्षेत्र के दुधलिया गांव निवासी अपने साले बहादुर को फोन कर बताया कि उसकी बहन गायब हो गई है। सूचना मिलने पर बहादुर बाइक से अपनी बहन के ससुराल झितापुरा पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। भाई ने पहुंचकर बहन को तलाशा तलाश के दौरान कंचन बाई के कुएं में पड़े होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों की सहायता से उसे बाहर निकाला गया और रात को ही झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आंख के नीचे मामूली चोट आई है। फिलहाल, महिला के परिजन झालावाड़ एसआरजी अस्पताल में उसका इलाज करवा रहे हैं। आरोपी पति हो गया फरार रटलाई थाने से एएसआई बजरंग लाल झालावाड़ इमरजेंसी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित महिला व उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। साले बहादुर ने बताया कि घटना के बाद से महिला का पति राय सिंह फरार है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। कोई विवाद नहीं, फिर भी धक्का दे दिया साले बहादुर ने बताया कि महिला के एक ही 10 साल की लड़की है। जबकि घटना के दिन या पहले से घर में कोई विवाद नही हुआ। वर्षों पहले उसका विवाह हुआ था, अब ऐसा क्या हुआ कि पति ने यह कदम उठाया।