सलूंबर,पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से झल्लारा में ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। 13 अक्टूबर को आयोजित इस रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। रैली को विकास अधिकारी खुमान सिंह चौहान एवं ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने पंचायत समिति झल्लारा परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झल्लारा पहुंचकर संपन्न हुई। मतदान के प्रति जागरूकता का दिया संदेश मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मतदान के महत्व पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को आगामी पंचायती राज आम चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों ने भी लिया भाग कार्यक्रम में एएनएम, आशा सहयोगिनी, स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के जरिए आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अहमियत का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि पंचायती राज चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।