सदर थाना क्षेत्र के झारखेड़ा गांव में महिला द्वारा गला काटने की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। पहले जहां इसे घरेलू विवाद के चलते आत्मघाती कदम बताया जा रहा था, वहीं अब पीहर पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या के प्रयास और मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आरिफ की पत्नी धोली ने कथित रूप से पति की डांट से आहत होकर कमरे में जाकर ब्लेड से अपना गला काट लिया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके गले में चार टांके आए हैं और इलाज जारी है। वहीं अब मामले में नया खुलासा हुआ है। पीड़िता के भाई इस्लाम खान ने सदर थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसकी बहन धोली और दूसरी बहन खुर्शीदन के साथ शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट की जाती थी। सर्दियों में उन्हें घर से बाहर निकाल दिया जाता था और कई बार शिकायत के बावजूद समझौता कर वापस भेज दिया गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि 21 अप्रैल को पति आरिफ, मुबारिक, तैयब और सहजी ने दोनों बहनों को घर में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा। बाद में धोली को जमीन पर पटककर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।