झुंझुनूं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने और काम का बोझ कम करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट और महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। मानदेय और काम के बोझ को लेकर जताई नाराजगी प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं कृष्णा कंवर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का काम करती हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानदेय और सुविधाओं को लेकर लंबे समय से मांग उठाई जा रही है। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान में मिलने वाला मानदेय पर्याप्त नहीं है। तिलोकपुरा की कार्यकर्ता संतोष ने कहा कि वर्तमान मानदेय में परिवार चलाना और बुनियादी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन महासंघ की ओर से जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग के माध्यम से मुख्यमंत्री को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में वर्तमान मानदेय बढ़ाने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि उड़ान योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन वितरण जैसे अतिरिक्त कार्य उन पर नहीं डाले जाएं। इसके अलावा पोषण ट्रैकर ऐप पर किए गए कार्य के बदले मिलने वाली 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि का भुगतान जल्द करने की मांग भी रखी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान में मिलने वाला 200 रुपए का मोबाइल रिचार्ज भत्ता पर्याप्त नहीं है और इसे बढ़ाकर 500 रुपए किया जाना चाहिए। इसके साथ ही शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के सर्वे कार्यों से भी आंगनबाड़ी स्टाफ को अलग रखने की मांग की गई। 1 जुलाई से कार्य बहिष्कार का दावा प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे 1 जुलाई से ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रही हैं। जिला अध्यक्ष कृष्णा कंवर ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताला लगाने का निर्णय लिया जा सकता है। डूडी गांव की कार्यकर्ता उषा कुमारी और चिड़ावा की तारामणि शर्मा ने कहा कि वे हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सहयोग नहीं मिल रहा है। सैकड़ों महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं प्रदर्शन में कृष्णा कंवर के साथ आबिदा कुरैशी, अनिता कुमारी, नीलम शर्मा, माहेश्वरी, नाजमीन और नसरीन खान सहित चिड़ावा, झुंझुनूं, बुहाना और अलसीसर ब्लॉक की सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं।