झुंझुनूं के पीरू सिंह सर्किल पर निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत में काम करते समय 25 वर्षीय मजदूर बनवारी लाल तीसरी मंजिल से नीचे मिक्सर मशीन पर गिर गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी बनवारी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। उसके परिजनों ने ठेकेदार पर बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कराने का आरोप लगाया है। घायल के मामा ने थाने में लिखित शिकायत देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तीसरी मंजिल से मिक्सर मशीन पर गिरा मजदूर हादसा पीरू सिंह सर्किल के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत में हुआ। बनवारी लाल वहां काम कर रहा था, तभी वह तीसरी मंजिल से नीचे मिक्सर मशीन पर गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया। ठेकेदार पर बिना सुरक्षा किट के काम कराने का आरोप बनवारी के परिजनों के अनुसार, ठेकेदार गोपी उसे सुबह मजदूरी के लिए लेकर गया था। हादसे के बाद परिवार को इसकी सूचना नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है कि बनवारी से बिना सुरक्षा किट के तीसरी मंजिल पर काम कराया जा रहा था। उनके अनुसार, सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने के कारण वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के मामा ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार में कमाने वाला अकेला सदस्य है बनवारी बनवारी लाल ग्वालियर से आकर झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, वह परिवार में कमाने वाला अकेला सदस्य है। हादसे के बाद उसकी मामी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने कहा, “हमें रुपयों से कोई मतलब नहीं है, हमें बस हमारा बच्चा ठीक करके वापस दे दो। जयपुर में इलाज का खर्च हम गरीब लोग कहां से लाएं। दिनभर मजदूरी करके इतना पैसा नहीं मिलता कि अस्पताल का बिल भर सकें।” लेबर चौक से मजदूरी के लिए ले जाते हैं ठेकेदार झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ स्थित लेबर चौक पर मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से आए मजदूर रोजाना काम की तलाश में खड़े होते हैं। यहां से ठेकेदार उन्हें दैनिक मजदूरी पर अलग-अलग निर्माण स्थलों पर ले जाते हैं। बनवारी लाल को भी इसी तरह मजदूरी के लिए काम पर ले जाया गया था।