पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण को लेकर गांवों की सियासत गरमाने लगी है। झुंझुनूं जिले की छह पंचायत समितियों की 167 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए अब तक 500 से अधिक दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं। आने वाले दिनों में दावेदारों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। एक सीट पर 5- 5 दावेदार सामने आए हैं। वहीं, कई ग्राम पंचायतों में निर्विरोध सरपंच चुनने के लिए एक नाम पर सहमति बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। ऐसे में गांवों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दूसरे चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव होंगे। चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई गांवों में दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है, जबकि कुछ जगहों पर आपसी सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। झुंझुनूं में सबसे ज्यादा 32 ग्राम पंचायतें जिले की छह पंचायत समितियों में कुल 167 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें झुंझुनूं पंचायत समिति में सबसे अधिक 32 ग्राम पंचायतें हैं। चिड़ावा और बुहाना में 30-30, सूरजगढ़ में 27, पिलानी में 26 और सिंघाना में सबसे कम 22 ग्राम पंचायतें हैं। दूसरे चरण में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगा और इसके बाद मतगणना की जाएगी। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही गांवों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने और उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने की कवायद बढ़ने की संभावना है। अब पढ़िए- किस वार्ड से कौन जता रहा दावेदारी