राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर झुंझुनूं पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। शिविर की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों को पकड़ना या कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि हर संकट में समाज के रक्षक के रूप में खड़ा होना भी है। रक्तदान को बताया मानवता की सेवा एसपी सागर ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो बिना किसी भेदभाव के मानव जीवन की रक्षा करता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान देने की अपील की। व्यस्त ड्यूटी के बावजूद जवानों में दिखा उत्साह सुबह से ही पुलिस लाइन के सभागार में रक्तदान करने वाले जवानों की लंबी कतारें लगी रहीं। फील्ड ड्यूटी की व्यस्तताओं के बावजूद विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र राजावत, उप पुलिस अधीक्षक सिटी गोपाल ढाका, उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिसिंह धायल, कोतवाल श्रवण कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम का हिस्सा बने।