जोधपुर में जयनारायण व्यास विश्वविश्वविद्यालय (JNVU) में पेंशनर का धरना-प्रदर्शन 17 दिन से चल रहा है। काफी संख्या में पेंशनर्स पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पेंशनर्स ने चार माह की बकाया पेंशन को जल्द जारी करने की मांग की। धरने में महिला पेंशनर्स भी शामिल हुईं। धरने में शामिल प्रो. रेणु शर्मा ने कहा- पेंशन नहीं मिलने से कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 80 साल से ज्यादा जो बुजुर्ग हैं, उन्हें स्वास्थ्य और आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोज इसी उम्मीद में धरना देते हैं कि आज समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन विश्वविद्यालय की कथनी और करनी में फर्क है। इससे पेंशनर हतोत्साहित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या का जल्द समाधान निकाला जाए। रुपए खर्च करने से पहले सोचना पड़ रहा वहीं प्रो. विनीता परिहार ने कहा- यह कहते हुए भी शर्म आ रही है कि जीवन में पहली बार कुछ खर्च करने से पहले सोचना पड़ रहा है कि पैसे खर्च करें या नहीं। 4 महीने से पेंशन नहीं मिली है। पता नहीं, आगे कब मिलेगी। आसपास के लोग भी पूछने लगे कि आपको पेंशन क्यों नहीं मिलती है। उन्होंने कहा- यह शर्म की बात है, यह समाज के लिए शर्म की बात है, विश्वविद्यालय के लिए शर्म की बात है। जहां 38 साल नौकरी की, वहां पेंशन के लिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन मिलकर इस समस्या का स्थाई समाधान करे। समाधान निकाले विश्वविद्यालय प्रशासन पेंशनर समिति अध्यक्ष रामनिवास शर्मा ने बताया- यह समिति द्वारा दूसरा सबसे लंबा धरना है। पिछली बार हमने 92 दिन का धरना दिया था, तब हमें 5 महीने की पेंशन दी गई थी। शर्मा ने बताया- कुलपति ने 8 महीने में से सिर्फ तीन महीने की पेंशन दी, जबकि 5 महीने की पेंशन नहीं दी गई। विश्वविद्यालय खराब आर्थिक हालत का हवाला दे रहा है, लेकिन डेढ़- दो साल पहले तक पेंशन आराम से मिल रही थी। विश्वविद्यालय प्रशासन को अब सरकार से बात करके इसका समाधान करना चाहिए। नए रिटायर कर्मचारियों को भी नहीं मिल रहा बेनिफिट विश्वविद्यालय के फिजिक्स डिपार्टमेंट के हेड रहे प्रोफेसर आरके पटेल ने बताया- मैं 31 जनवरी को रिटायर हुआ। मुझे विश्वविद्यालय की तरफ से रिटायर बेनिफिट नहीं मिले। उन्होंने कहा- एमबीएम विश्वविद्यालय में रिटायर हुए प्रोफेसर को सभी बेनिफिट्स मिल गए और पेंशन भी शुरू हो गई है। धरने में काफी संख्या में पेंशनर शामिल हुए और समस्या के जल्द समाधान की मांग की।