जोधपुर में पिकअप के सामने नीलगाय आने से ट्रक की टक्कर हो गई। इसके चलते पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान पिकअप गाड़ी में रखी कोल्ड ड्रिंक को लोग उठाकर कर ले गए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। यह हादसा विवेक विहार थाना क्षेत्र में मोगड़ा एनआरआई योजना के पास शनिवार रात 10 बजे हुआ। विवेक विहार थाना अधिकारी दिलीप खदाव ने बताया- एक पिकअप जोधपुर से पाली की तरफ जा रही थी। अचानक उसके आगे नीलगाय आ गई। इसके चलते ड्राइवर ने ब्रेक लगाए तो गाड़ी का टायर फट गया। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की पिकअप से टक्कर हो गई। पिकअप में कोल्ड ड्रिंक भरी हुई थी, इसके चलते कोल्ड ड्रिंक सड़क पर बिखर गई। पुलिस मौके पर पहुंची। उससे पहले कई लोग कोल्ड ड्रिंक उठाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने हाईवे से दोनों वाहनों को हटाया और थाने लेकर आई। दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।