जोधपुर में नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसा। टीम ने करीब 45 किलोग्राम डोडा पोस्त, एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईजी विकास कुमार ने बताया- सूचना के आधार पर ANTF टीम ने एनएच-79 दिल्ली-मुंबई 6 लेन हाईवे पर भदाली खेड़ा के पास घेराबंदी की। टीम को जानकारी मिली थी कि सफेद रंग की डिजायर कार में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ से ओसियां की तरफ ले जाया जा रहा है। संदिग्ध कार हाईवे पर पहुंची तो टीम ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने वाहन को तेज रफ्तार से भगा दिया। इसके बाद ANTF की दो टीमों ने पीछा शुरू किया। आगे दूसरी टीम को अलर्ट किया गया तो तस्कर दोनों ओर से घिरते देख कार को सर्विस लेन और फिर कच्चे रास्ते की तरफ मोड़कर भागने लगे। आगे रास्ता बंद और सामने खेत आने पर आरोपियों ने कार रोकी और उतरकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। बाद में स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया। तलाशी लेने पर कार से अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद हुआ। इन्हें किया गिरफ्तार पुलिस ने माल और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश (19) पुत्र जालाराम निवासी घेवड़ा शिव नगर जिला जोधपुर ग्रामीण और श्रवण कुमार (35) पुत्र प्रहलाद राम निवासी भवाद जिला जोधपुर शामिल हैं। जब्त माल में करीब 45 किलोग्राम डोडा पोस्त और स्विफ्ट डिजायर कार शामिल है।