कोटा साइबर थाना पुलिस ने 3 करोड़ 88 लाख रुपए की साइबर ठगी मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कार्रवाई पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में की गई। कोटा निवासी फरियादी अनिल काला ने 13 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि साइबर ठगों ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर मुझसे 3 करोड़ 88 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी कर ली। इस संबंध में साइबर थाना कोटा शहर में मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक खातों और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड खंगाले गए, जिसमें जोधपुर निवासी मोहम्मद राहिल मोदी, आसिफुर रहमान और अब्दुल वकील मोदी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जोधपुर से गिरफ्तार किया। एटीएम से निकालते लेते ठगी की रकम जांच में सामने आया कि राहिल मोदी और आसिफुर रहमान के बैंक खातों में फरियादी से ठगी गई रकम जमा हुई थी। वहीं अब्दुल वकील मोदी पर इन खातों में साइबर ठगी की राशि जमा करवाने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार साइबर ठगी की रकम एटीएम के जरिए निकाली गई थी। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस अब ठगी गई राशि की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में साइबर थाना कोटा की विशेष टीम शामिल रही। वहीं आरोपियों को ट्रेसआउट कर गिरफ्तार करवाने में हेड कॉन्स्टेबल वजीर सिंह की विशेष भूमिका बताई गई है।