जोधपुर में पंचकर्म स्किल लैब, रिसर्च गैलरी तथा पंचकर्म सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विजिटर गैलरी का उद्घाटन किया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.(डॉ.) गोविंद सहाय शुक्ल ने विश्वविद्यालय के पंचकर्म विभाग में इसका उद्घाटन किया। पंचकर्म स्किल लैब में स्नातकोत्तर, स्नातक एवं पंचकर्म थैरेपिस्ट विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण मिलेगा। कार्यक्रम में पंचकर्म विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ज्ञानप्रकाश शर्मा ने कुलपति एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। वहीं विभाग की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थी कर सकेंगे अनुसंधान कुलपति ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा- पंचकर्म स्किल लैब, रिसर्च गैलरी एवं विजिटर गैलरी विद्यार्थियों के कौशल विकास, अनुसंधान एवं व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा- इस प्रकार के नवाचार आयुर्वेद शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने स्किल लैब, रिसर्च गैलरी एवं विजिटर गैलरी का अवलोकन किया तथा उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रो. दिनेश शर्मा (शरीर क्रिया विभाग) एवं डॉ. अरुण दाधीच (रोग एवं विकृति विज्ञान विभाग) पंचकर्म विभाग सहायक आचार्य डॉ. दिलीप कुमार व्यास, डॉ. अचलाराम कुमावत, डॉ. गौरीशंकर राजपुरोहित, शोधार्थी एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।