जोधपुर में तेज स्पीड में डंपर ड्राइवर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इससे बाइक सवार कमलेश की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर विरोध जताया। लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर रास्ता खुलवाया। यह हादसा विवेक विहार थाना क्षेत्र के सालावास रेलवे फाटक के पास हुआ। डंपर ड्राइवर हुआ फरार जानकारी के मुताबिक- बाइक पर कमलेश सालावास रेलवे स्टेशन की रोड पर जा रहा था। इसी दौरान एक डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। बाद में डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इधर हादसे में गंभीर घायल होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बाद में मृतक की बॉडी को उप जिला अस्पताल सालावास रखवाया गया। जहां पोस्टमॉर्टम करवाया गया। वहीं मृतक के चचेरे भाई की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इधर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से डंपर का पता लगाकर थाने में खड़ा करवाया। बता दें कि सालावास, लूणी, मोगड़ा क्षेत्र में तेज स्पीड में चलने वाले डंपरों का आतंक है। पहले भी इन डंपरों की वजह से कई बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहे।