जोधपुर में भाजपा की बैठक में बीजेपी नेता ने मनपसंद जगह पर तबादले नहीं होने और पदाधिकारी नहीं बनाने से नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता भागीरथ भादू ने कहा- मैं साल 1993 से संघ के स्वयंसेवक हैं। जिले की 10 विधानसभाओं क्षेत्रों में मैंने काम किया है। यहां के विधायक, जिलाध्यक्ष ने मेरी सिफारिश पर डिजायर लिख दी, लेकिन मंत्री कोई काम नहीं करते हैं। ये सबको मालूम है। विधायक ने मेरी सिफारिश पर डिजायर लिख दी। इससे मेरी लाज रह गई। बाकी मंत्रियों के भरोसे तो कुछ नहीं है। हालांकि संगठन के पदाधिकारी ने उन्हें समझाया और शांत करने का प्रयास भी किया। बाद में उन्हें कमरे में ले जाया गया। जहां प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने उनसे बात की। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को जोधपुर के लघु उद्योग भारती सभागार में संभाग स्तरीय संगठन बैठक में यह हंगामा हुआ। बैठक में संगठन विकास और विस्तार को लेकर आगामी चुनाव की रणनीतियों को लेकर चर्चा के दौरान यह हंगामा देखने को मिला। विभागों में बैठे कांग्रेस पदाधिकारी भाजपा नेताओं के काम नहीं करते भाजपा नेता भागीरथ भादू ने बताया- कई विभागों में कांग्रेस पदाधिकारी ढाई साल से बैठे हैं। यह पदाधिकारी जिन भी विभागों में बैठे हैं, वे भाजपा नेताओं को देखते ही बोलते हैं, इनका काम नहीं करना है। उन्हें हटाया नहीं जा रहा है। इसलिए मैंने वेटनरी सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया। मैं संघ का स्वयंसेवक हूं। मैं मां भारती की सेवा करना चाहता हूं, इसलिए मैंने इस्तीफा दिया है। कहा- कई नेताओं के साथ काम किया भागीरथ भादू ने बताया- जसवंत सिंह विश्नोई, गजेंद्र सिंह शेखावत, अतुल भंसाली, जोगाराम पटेल, बाबूसिंह राठौड़, पब्बाराम विश्नोई सहित कई नेताओं के साथ काम किया। जोगाराम पटेल के विधानसभा क्षेत्र में बिश्नोई बहुल गांव में जहां पोलिंग 98% होती थी, वहां मैंने 80% पर रुकवाई। मैंने पब्बाराम बिश्नोई से लेकर कमसा मेघवाल, अर्जुनलाल गर्ग सहित कई नेताओं के साथ चुनाव प्रचार अभियान में काम किया। इसका नतीजा शून्य मिला। भागीरथ भादू ने बताया- मेरा नाम OBC मोर्चा में पदाधिकारी के लिए भेजा गया, लेकिन मुझे नहीं बनाया गया। इन लोगों को कहना चाहता हूं कि ये पार्टी इनकी नहीं है, सबकी है। हम मोदीजी के हाथ मजबूत करना चाहते हैं। हालांकि शुरुआत में कार्यकर्ता ने बाहर हंगामा किया तो प्रदेश महामंत्री ने उन्हें डांट लगाई कि यहां हंगामा क्यों कर रहे हो। तब उन्होंने जवाब दिया कि मैं किसी से डरता नहीं हूं। पूर्व प्रधान ने भी जताया विरोध, कहा- टारगेट किया जा रहा बैठक में लोहावट के प्रधान रह चुके भगीरथ बेनीवाल ने भी विरोध जताया। उन्होंने कहा- ट्रांसफर को लेकर हमारे क्षेत्र में जाति, विशेष के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। जो जनता के लिए काम कर रहे हैं, जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इसमें हमारे समाज के टीचर, कर्मचारियों के तबादले दूर कर दिए गए। जबकि हम भाजपा और संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बिना नाम लिए अपने क्षेत्र के विधायक और कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर पर निशाना साधा। बैठक में चुनाव को लेकर की चर्चा बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की संभाग स्तरीय संगठनात्मक बैठक गुरुवार को जोधपुर के लघु उद्योग भारती सभागार में हुई। बैठक में संभाग से विधायक, संगठन पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें संगठन के विभिन्न विषयों, आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचने को लेकर भी रणनीति बनाई गई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया- संगठन महामंत्री अजय कुमार जोधपुर संभाग में बैठक लेने आए हैं। संगठन के नियमित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक भी है। इसके अलावा आगामी नगरपालिका ओर पंचायती राज चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाने वाली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में इस बार भी सभी चुनाव जीतेगी। तीन मंत्री एक घंटे देरी से पहुंचे थे बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, संगठन महामंत्री, अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश मंत्री आईदान सिंह भाटी, उद्योग मंत्री KK विश्नोई सहित भाजपा पदाधिकारी ओर विधायक मौजूद रहे। बैठक शुरू होने के बाद में तीन मंत्री जोराराम कुमावत, जोगाराम पटेल और ओटाराम देवासी एक घंटे देरी से पहुंचे। इसके अलावा पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई मानवेंद्र सिंह जसोल, भाजपा किसान मोर्चा के शैलाराम सारण, जालोर सिरोही सांसद लुंबाराम सहित कार्यकर्ता भी मौजूद थे।