जोधपुर में घर के सामने डीजे बजाने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने युवक की पिटाई कर दी। इससे युवक की मौत हो गई। यह घटना शहर के BJS की नट बस्ती में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हुई। महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया- नट बस्ती में दो पक्षों के बीच डीजे बजाने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े में सिकंदर (45) पुत्र सिपाहीराम घायल हो गया था। इसके बाद परिजन सिकंदर को लेकर पावटा हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र सिंह ने बताया- सिकंदर के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। इसमें मौत के सही कारणों का भी खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद सिकंदर के परिजन अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। सिकंदर के परिजनों ने जिन लोगों के नाम बताए हैं। इस पर एक आरोपी को डिटेन किया है। सिकंदर मजदूरी करता था। रोज घर के सामने DJ बजाता था आरोपी राकेश ने बताया- बस्ती का रहने वाला आरोपी रामू मेरे भाई सिकंदर के घर के सामने रोज DJ लाकर बजाता था। इसे लेकर दो-तीन बार पहले भी भाई सिकंदर ने कहा था कि DJ यहां मत बजाओ, लेकिन आरोपी नहीं माना। रामू का बेटा आज भी DJ लेकर आया था। उसे मना कर वापस घर भेज दिया गया। इसके थोड़ी देर बाद रामू वापस लौटा और बोला कि हिम्मत है तो डीजे बंद करवा। फिर 5-7 लोगों के साथ सिकंदर को मुक्का मार दिया। सिकंदर को हार्ट की बीमारी भी थी। इससे उसे चोट लगी। पुलिस ने कहा- पहले से चल रहा था विवाद पुलिस सूत्रों ने कहा- आरोपियों और मृतक में पहले से रंजिश थी। रामू का बेटा डीजे लेकर पहुंचा था। इसे लेकर मृतक ने विरोध किया। वहीं मृतक के परिजनों ने डीजे में तोड़फोड़ भी की थी। इसे लेकर विवाद बढ़ गया। बाद में दूसरा पक्ष मौके पर पहुंचा और एक-दूसरे से झगड़ने लगे। इस झगड़े में सिकंदर की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल पर RAC जवान तैनात मामले को लेकर डीसीपी मनीष चौधरी ने भी मौका मुआयना किया और निर्देश दिए। वहीं घटनास्थल के आसपास RAC जवान भी तैनात किए गए हैं।