बीकानेर से नाथद्वारा जा रही बस से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई। युवक बस में बने वॉशरूम की तरफ जा रहा था। इस बीच बस के खुले गेट से सड़क पर गिर गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट आने पर पिता और अन्य लोग हॉस्पिटल लेकर पहुंचे लेकिन जान नहीं बच सकी। हादसा जोधपुर कमिश्नरेट के करवड़ थाना क्षेत्र में हुआ था। पुलिस ने युवक के पिता की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पिता-पुत्र बीकानेर से नाथद्वारा जाने के लिए हुए थे रवाना करवर थाना अधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि हादसे में बीकानेर (वल्लभ गार्डन) के रहने वाले कृष्णा पी. माधवानी (32) की मौत हुई है। युवक के पिता ने पुरुषोत्तम माधवानी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसमें बताया कि वे और उनका बेटा बीकानेर से नाथद्वारा जाने के लिए 12 अक्टूबर रात मिलन ट्रैवल एजेंसी की बस नंबर AR 11 C 9200 में बैठे थे। बस रात करीब 9 बजे बीकानेर से रवाना हुई थी। बेटा दो नंबर सीट पर सोया था। गेट खुला होने पर गिरा युवक रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच बस जोधपुर में आईआईटी गेट नंबर 02 के पास पहुंची। तब बेटा बस में बने वॉशरूम में जा रहा था। बस का आगे का मुख्य गेट खुला था। बस की स्पीड तेज होने के कारण बेटा गेट से नीचे सड़क पर गिर गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट आईं। वे और बस में मौजूद लोग उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉच्युरी में रखवाया गया। घटना की सूचना पर करवड़ पुलिस ने एमजीएच मॉच्युरी पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए।