जोधपुर में सीएम भजनलाल शर्मा को एक युवक ने काला झंडा दिखाया। रातानाडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान जितेश्वर चौधरी के रूप में हुई है, जो छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) से जुड़ा बताया जा रहा है। दरअसल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पचपदरा रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे। सीएम भजनलाल शर्मा जोधपुर दौरे पर आए हुए थे। शनिवार शाम को जब वे वापस जयपुर जाने के लिए जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए और उनका काफिला भाटी चौराहे के पास पहुंचा, तो वहां पहले से खड़े युवक ने काफिले को काले झंडे दिखाए। विधायक जोशी से मिलने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री शर्मा रिफाइनरी के कार्यक्रम के बाद जोधपुर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी का हालचाल जानने के लिए अस्पताल गए। इसके बाद उन्होंने भाटी चौराहे पर एक दुकान पर बैठकर चाय पी और वहां मौजूद आम लोगों से संवाद भी किया।