जोधपुर में आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर शहर में भव्य रैली निकाली गई और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंबेडकर छात्रावास में आयोजित समारोह में कलेक्टर ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही समाज को सही दिशा दी जा सकती है। इस मौके पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से लेकर राजनीतिक पार्टियों की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें बाबा साहेब अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। डॉ. बी.आर.अंबेडकर, भगत की कोठी में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर आलोक रंजन मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि हमें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से बहुत कुछ सीखना चाहिए और उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके द्वारा किए गए सामाजिक आंदोलनों एवं सत्याग्रहों को समझना आवश्यक है। वंचित वर्गों और महिलाओं के लिए किए कई काम जिला कलेक्टर ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब की जीवनी का अध्ययन करें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व हमें यह सिखाते हैं कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। बाबा साहेब का पूरा जीवन समाज और दूसरों के हित के लिए समर्पित रहा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन समाज और दूसरों के हित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दूसरों के लिए कार्य करना और न्याय के लिए खड़े रहना ही जीवन का सबसे बड़ा मूलमंत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ कड़ी मेहनत करने, न्याय और समानता के मूल्यों को अपने व्यवहार एवं विचारों में हमेशा जीवित रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार तथा लूणी उपखण्ड अधिकारी हसमुख भी मौजूद थे।