जोधपुर शहर में घर के बाहर खड़ी बाइक को कुछ बदमाशों ने आग लगा दी। वहीं एक कॉफी हाउस में बीकानेर के रहने वाले एक युवक ने सुसाइड कर लिया। नाकाबंदी के दौरान बजरी से भरा डंपर जब्त किया गया। शहर में बीते 24 घंटे में ऐसे कई हादसे और गुंडागर्दी के मामले सामने आए है। पढ़िए-क्राइम की खबरें- घर के बाहर खड़ी बाइक को लगा दी आग जोधपुर के सूरसागर के गैवा बाइपास पर बदमाशों ने बाइक में आग लगा दी। मामले को लेकर चिराग माली ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि इलाके के बदमाश रविंद्र, कपिल पंवार उर्फ किशु, हसन खान, अक्षय उर्फ गुंडा और विकास पंडित उर्फ पानिया ने उसके घर के बाहर खड़ी बाइक में तोड़फोड़ की। इसके बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। बिजली के खंभे पर चढ़ा श्रमिक, टूटे हाथ जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्र के पालासनी में बिजली के पोल पर चढ़ा श्रमिक नीचे गिर गया। उसके दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। अब उसने बिजली ठेकेदार रतनाराम के खिलाफ जबरन जर्जर पोल पर चढ़ाने को लेकर मामला दर्ज करवाया। रिपोर्ट में बताया कि ठेकेदार ने उसे जबरन जर्जर पोल पर चढ़ाया, जिससे वह ऊंचाई से गिर गया और उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक की मौत रातानाडा थाना इलाके में स्थित ताज हरि होटल के सामने मंगलवार रात ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पृथ्वीसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाई पर हमले का मामला दर्ज जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र के थबुकडा बस स्टैंड के पास भोपालगढ़ रोड पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सोहनराम जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी केसाराम जाट ने पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर उसके भाई कालूराम के कैंपर वाहन से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कालूराम को गंभीर चोट आई हैं। कॉफी हाउस में युवक ने लगाई फांसी जोधपुर के नई सड़क स्थित मशहूर कॉफी हाउस में मंगलवार रात बीकानेर निवासी एक 26 साल के युवक अंकित उर्फ अमित विश्नोई ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना पर उदय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉच्यूरी में रखवाया। पुलिस सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। बोरानाडा में अवैध बजरी परिवहन बोरानाडा पुलिस ने रामदेव होटल के पास नाकाबंदी के दौरान अवैध बजरी से भरा एक डंपर जब्त किया है। आरोपी ड्राइवर हरिराम जाट को बिना परमिट/रवन्ना के नदी से अवैध खनन कर बजरी ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया है।