वेटिंग लिस्ट कम करने और रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे(नॉर्थ वेस्टर्न) द्वारा मंडोर एक्सप्रेस में दो एक्सट्रा एसी कोच लगाए जाएंगे। इससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- ट्रेन संख्या 22491 जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस में जोधपुर से 30 अक्टूबर और वापसी में ट्रेन संख्या 22492 दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में दिल्ली से 31 अक्टूबर को एक सेकंड एसी और एक थ्री टियर इकोनॉमी कोच लगाया जाएगा। अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था से दोनों दिशाओं में यात्रियों को लाभ मिलेगा। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के नाम पर फर्जी संदेशों से पेंशनर्स को किया सावधान रेलवे ने पेंशनधारकों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक,कॉल और संदेशों से सतर्क रहने का कहा है। साइबर ठग जीवन प्रमाण पत्र बनवाने या अपडेट करने का झांसा देकर पेंशनधारकों की व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पेंशनधारक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत केंद्रों का ही उपयोग करें। व्हाट्सऐप,एसएमएस और ईमेल पर प्राप्त अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी संदिग्ध संदेश के जरिए मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी,बैंक विवरण या ओटीपी साझा नहीं करें। उन्होंने पेंशनधारकों से अपील की कि जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित किसी भी समस्या या संदिग्ध कॉल की स्थिति में रेलवे के संबंधित पेंशन कार्यालय अथवा बैंक से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अधिकृत कॉमन सर्विस सेंटर,बैंक या डाकघर की सहायता भी ली जा सकती है। ठगी होने पर तुरंत यहां करें शिकायत पेंशनधारक किसी साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। सतर्कता और सही जानकारी के जरिए पेंशनधारक अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी को सुरक्षित रख सकते हैं।