एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने जालोर और बाड़मेर में कार्रवाई करते हुए जालोर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में कुल 2 किलो अफीम और 2.900 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया। टीम को अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर दबिश देकर यह कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एमडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। बागोड़ा में दबिश, आरोपी भागते समय पकड़ा जालोर एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि बागोड़ा थाना क्षेत्र के भालनी में रुपा की ढाणी में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करता है। इस पर टीम ने बागोड़ा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम को देखकर आरोपी नरपत कुमार (33) पुत्र बगताराम मौके से भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान मकान के पास छिपाकर रखा 500 ग्राम अफीम और 2.900 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। बाड़मेर टीम की कार्रवाई, पशु बाड़े से अफीम मिली दूसरी कार्रवाई बाड़मेर एएनटीएफ टीम ने की। टीम को सूचना मिली थी कि कांखी के परिहारों की ढाणी में एक व्यक्ति अफीम की तस्करी करता है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और बागोड़ा के डूंगरवा निवासी देवीचंद (34) पुत्र पुनमाराम के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में बने पशुओं के बाड़े से करीब 1.500 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी देवीचंद को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ एमडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया। दोनों मामलों में कुल बरामदगी दोनों कार्रवाइयों में कुल 2 किलो अफीम और 2.900 किलो डोडा चूरा जब्त किया गया है। एएनटीएफ की इन कार्रवाइयों में जालोर के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।