जोधपुर पश्चिम पुलिस ने जब्त की करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपए की अवैध ड्रग्स को नष्ट कर दिया। 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में इसे जब्त किया था। पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज 30 अलग-अलग मामलों में जब्त 418 किलोग्राम नशे की खेप का कानूनी प्रावधानों के तहत निपटारा किया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पश्चिम कमल शेखावत ने बताया- पुलिस मुख्यालय और जोधपुर पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई। जिले में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के दौरान थानाधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ निरोधक कानून) के तहत दर्ज मामलों में जब्त अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए प्रस्ताव भेजे थे। इसके बाद जिला ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में संबंधित थाना स्टाफ के साथ एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत नशे की खेप को नष्ट किया गया। कमेटी में डीसीपी पश्चिम शेखावत, एडीसीपी (पश्चिम) नीरज शर्मा और अपराध सहायक (पश्चिम) गणपत लाल शामिल रहे। डोडा पोस्त से लेकर एमडी और स्मैक तक शामिल डीसीपी शेखावत के अनुसार- नष्ट किए गए 418 किलोग्राम मादक पदार्थों में मुख्य रूप से डोडा पोस्त, एमडी, गांजा और स्मैक शामिल थे। पुलिस ने पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए भारी मात्रा में जब्त नशे को आग के हवाले कर दिया। नष्ट की गई इन ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपए है। एक महीने में करीब पांच करोड़ का माल नष्ट जोधपुर पश्चिम पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और थानों के मालखानों में जब्त माल के निस्तारण को लेकर विशेष अभियान चला रही है। इस कार्रवाई से पहले 1 अप्रैल और 15 अप्रैल को भी इसी तरह का अभियान चलाया गया था। उन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपए के अवैध मादक पदार्थों का नष्ट किया था।