फलोदी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने न्यू स्टिंग एनर्जी की 6450 बोतलें सीज की हैं। इन बोतलों पर 'एनर्जी' शब्द का भ्रामक लेबलिंग किया गया था। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। 6450 बोतलें सीज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया- खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मल कुमार महर्षि ने फलोदी स्थित एक बेवरेजेज गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कैफिनेटेड बेवरेज न्यू स्टिंग एनर्जी की 6450 बोतलें मिलीं, जिन पर भ्रामक रूप से 'एनर्जी' लिखा हुआ था। इन बोतलों को सीज कर उनके नमूने लिए गए। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के दिशानिर्देशों के अनुसार, कैफीनेटेड बेवरेजेस पर 'स्टीमूलेट्स माइंड', 'एनरर्जाइज बॉडीज', 'एनर्जी ड्रिंक' या 'स्पोर्ट्स ड्रिंक' जैसे शब्दों का उल्लेख करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। जांच के लिए जोधपुर भेजा गया एफएसएसएआई ने इस संबंध में कई नामी बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह भी बताया गया है कि अधिक कैफीन वाली ये एनर्जी ड्रिंक गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती हैं। सीज की गई बोतलों से लिए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला जोधपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।