जोधपुर में तीन दोस्तों ने सड़क पर मिले पांच लाख रुपए से भरी थैली मालिक को लौटा दी। इसके बाद थाने में पुलिस ने तीनों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आभार जताया। जोधपुर के मंगल सुजुकी के अकाउंटेंट रामनिवास शुक्रवार सुबह 9:30 बजे घर से ऑफिस के लिए आ रहे थे। इस दौरान शोरूम के सामने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की थी। जहां लैपटॉप का बैग निकालने के दौरान 5 लाख रुपए से भरी लाल कपड़े में रखी एक थैली गिर गई। इसका उन्हें पता नहीं चला। इसके बाद वे चले गए। इसका सीसीटीवी भी सामने आया है। इधर, निगम में जमादार सुनील बोराणा अपने दोस्त अंकित गुर्जर, मुकेश गुर्जर के साथ बैठे थे। वहां लाल कपड़े की थैली देखी तो उन्हें संदेह हुआ। पहले लगा कि कोई टोटका होगा, लेकिन बाद में उन्होंने उस थैली को खोलकर देखा तो उसमें नोटों के बंडल थे। उस पर तीनों दोस्तों ने थाने आए और पुलिस को नोटों के बंडल सौंप दिए। पुलिस को सीसीटीवी में कार से थैली गिरने का दिखा फुटेज थानाधिकारी सुरेश कुमार विश्नोई ने बताया- पुलिस ने मामले को लेकर जब जांच शुरू की। आस-पास की जगहों के CCTV खंगाले तो सामने आया कि नोटों से भरी थैली कार से गिरी थी। फुटेज में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार मलिक को बुलाया। उससे पता चला कि यह रुपए भगत की कोठी क्षेत्र में सुजुकी मोटर्स में काम करने वाले अकाउंटेंट रामनिवास लेकर आए थे। उनकी कार से ये रुपए गिर गए थे। बाद में पुलिस ने थानाधिकारी सुरेश कुमार बिश्नोई के नेतृत्व में तीनों दोस्तों का माला पहनकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। बैंक में जमा कराने के लिए जाते समय गिरी थैली शोरूम मालिक भीखाराम ने बताया- हमारे अकाउंटेंट रामनिवास के पास ये रुपए थे। बैंक में जमा कराने के लिए जाना था, लेकिन उनकी गाड़ी से रुपए गिर गए थे। हमें इसका पता भी नहीं था, लेकिन तीन दोस्तों को यह रुपए मिले तो उन्होंने पुलिस थाने में आकर जानकारी दी। पुलिस से हमें पता चला कि हमारी गाड़ी से रुपए गिरे हैं। युवक बोले- रुपए लौटाकर मिली खुशी रुपए लौटाने वाले सुनील बोराणा ने बताया- मैं अपने दोस्तों के साथ था। इस दौरान हमें रुपयों की थैली मिली। हमें खुशी है कि यह सही जगह पर पहुंच गए। सुनील ने बताया- पहले हमें लगा कि यह कोई टोटका होगा, लेकिन जब थैली संभाली तो पता चला कि उसमें रुपए हैं। इसके बाद पुलिस को रुपए दे दिए।