गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। जोधपुर से जुड़ी तीन लंबी दूरी की समर स्पेशल ट्रेनों के फेरों (ट्रिप) में विस्तार किया गया है। इससे न केवल अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी बल्कि कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। इन स्टेशन से गुजरेगी ट्रेन उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि ट्रेन संख्या 04829/04830 जोधपुर-गोरखपुर और साप्ताहिक स्पेशल के 8-8 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन 21 मई से 9 जुलाई तक (8 ट्रिप) हर गुरुवार शाम 4.15 बजे जोधपुर से रवाना होकर मेड़ता रोड, डेगाना, डीडवाना, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, लोहारू, रेवाड़ी, दिल्ली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, बस्ती, खलीलाबाद सहित अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए शुक्रवार रात 8.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 22 मई से 10 जुलाई तक हर शुक्रवार रात 11.25 बजे गोरखपुर से रवाना होकर रविवार सुबह 5.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल में भी 8 अतिरिक्त ट्रिप जोड़े गए हैं। यह ट्रेन 24 मई से 12 जुलाई तक हर रविवार शाम 5 बजे जोधपुर से रवाना होकर जयपुर, फुलेरा, लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़ होते हुए सोमवार रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी। वापसी में यह 26 मई से 14 जुलाई तक हर मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ से प्रस्थान कर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। लालकुआं-राजकोट-लालकुआं के भी ट्रिप बढ़े इसके अलावा लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन में भी विस्तार किया गया है। जिसके तहत ट्रेन 05045 लालकुआं से 17 मई से 12 जुलाई तक और ट्रेन संख्या 05046 राजकोट से 18 मई से 13 जुलाई तक (9 ट्रिप) की वृद्धि की जा रही है। इन ट्रेनों के संचालन में विस्तार से उत्तर भारत और पश्चिम भारत के बीच यात्री सुविधा और बेहतर होगी, गर्मी की भीड़ में कमी आएगी और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस 14 मई को रहेगी लेट दक्षिण मध्य रेलवे के हजूर साहिब नांदेड़ मंडल में नांदेड़-लिंबगांव रेलखंड के बीच नए इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) सिस्टम को शुरू करने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते काचीगुडा-भगत की कोठी ट्रेन का संचालन नियंत्रित किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इस कार्य के कारण ट्रेन संख्या 17605 काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस 14 मई को अपने निर्धारित संचालन के दौरान प्रभावित रहेगी। यह ट्रेन पूर्णा जंक्शन और हजूर साहिब नांदेड़ स्टेशनों के बीच लगभग 1 घंटा 20 मिनट तक नियंत्रित (रेगुलेट) की जाएगी।