जोधपुर जिले की 17 पंचायत समितियों की 441 ग्राम पंचायतों में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। वोटिंग के तुरंत बाद रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। 17 पंचायत समितियों आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, बिलाड़ा, धवा, हतुंडी, झंवर, कापरड़ा, केरू, लूणी, मंडोर, ओसियां, पीपाड़ सिटी, सालवा खुर्द, सामराऊ, तिंवरी और उम्मेदनगर में वोटिंग जारी है। इधर, जिले की कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्विरोध सरपंच भी निर्वाचित कर लिए है। तिंवरी और केरू पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुने सरपंच पंचायत समिति तिंवरी की नई ग्राम पंचायत चौधरी चरणसिंह नगर में सरपंच सहित सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। ग्रामीणों ने लंबी बैठक के बाद आपसी सहमति से यह फैसला लिया। ग्रामीणों की सहमति से पप्पू देवी को सरपंच बनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मांगीलाल भाखर, कुम्भाराम जाखड़, साग सिंह, मीमो देवी, बाबू राम खोत, नोजी देवी और चम्पा राम वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए। ग्राम पंचायत में सरपंच पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिला के लिए आरक्षित था। ग्रामीण अमेश चौधरी ने बताया कि पंचायत के पहले चुनाव में सरपंच सहित सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना ग्रामीणों की एकजुटता दिखाता है। वहीं, केरू चावण्डा ग्राम पंचायत में किशन सिह राजपुरोहित को निर्विरोध सरपंच बनाया गया है।