जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया है। इस चोरी का आरोप बुजुर्ग के सगे दोहिते और उसके दोस्त पर लगा है। पुलिस ने बुजुर्ग पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में स्थित वस्त्र मंत्रालय कार्यालय के सामने बोम्बे क्वार्टर योजना निवासी मथुरा प्रजापत (70) पत्नी स्व. गोरुराम ने थाने में मामला दर्ज करवाया है। इसमें बताया कि वह 12 अप्रैल को सिगलवास स्थित अपने पीहर गई हुई थीं। पीछे से घर पर उनका दोहिता मनोज मौजूद था। घर की देखभाल उसी के भरोसे थी। बेटी ने दी चोरी की सूचना, लोहे का बक्सा मिला टूटा करीब 11 दिन बाद 23 अप्रैल को पीड़िता की बेटी हेमलता ने फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। पीड़िता के अनुसार, उनके दोहिते मनोज ने अपने दोस्त संजय मेघवाल के साथ मिलकर दिन के समय घर में रखे लोहे के बक्से का ताला तोड़ दिया। लोहे के बक्से में रखा कीमती सामान निकाल लिया। 2.5 लाख का सामान चोरी रिपोर्ट में बताया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर बक्से से कुल आधा किलो चांदी के आभूषण पार कर लिए। चोरी हुए सामान में 300 ग्राम चांदी का कंदोरा, 200 ग्राम चांदी का छड़ा और 5000 रुपए की नकदी शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मनोज और संजय मेघवाल के खिलाफ केस दर्ज कर इनकी तलाश शुरू की है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सवाई सिंह को सौंपी गई है।