जोधपुर के महामंदिर थाना क्षेत्र स्थित कृषि मंडी में एक होलसेल किराना दुकान का स्टाफ अपने साथियों के साथ मिलकर मालिक को ही ठगने में लगा था। दुकान में काम करते हुए उसने चुपके से डुप्लीकेट चाबी बनवा ली और पिछले कई दिनों से रात-रात भर सामान चुराकर बाइक पर ले जाता रहा। मामले का पता चलने पर दुकान मालिक ने थाने में रिपोर्ट दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर है। दुकान मालिक प्रेम प्रकाश महाजन ने बताया कि उनकी दुकान शिव शक्ति प्रोडक्ट्स, मंडोर कृषि मंडी में है। यहां काम करने वाला स्टाफ ललित चौधरी ने अपने साथियों के साथ साजिश रची। उसने दुकान की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली और पिछले कई दिनों से ताला खोलकर बाइक पर किराना सामान चुराकर ले जाता रहा। 9 अप्रैल की सुबह 5 बजे पड़ोस की दुकान के मालिक ने इन लोगों को दुकान खोलते देख लिया। जब उन्होंने पूछा कि इतनी सुबह क्या कर रहे हो, तो ललित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। शाम को पड़ोसी ने मालिक को सूचना दे दी। अगले दिन जब मालिक दुकान पहुंचे तो स्टॉक काफी कम मिला। सबसे बड़ा झटका ये लगा कि ललित खुद दुकान पर नहीं आया। शक होने पर मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने पास ही काम करने वाले उन्काराराम को तुरंत पकड़ लिया। मुख्य आरोपी ललित चौधरी की तलाश अभी भी जारी है। मालिक के अनुसार ललित पिछले 50 दिनों से दुकान में ही रह रहा था। अंदेशा है कि उसने 15-20 दिन पहले ही डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी। चोरी में खासतौर पर इलायची, काली मिर्च जैसे महंगे सामान शामिल थे।