जोधपुर के खांडा फलसा थाने के पास युवक के साथ हुई मारपीट के बाद से ही लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने थाने में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मारपीट के मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने, पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने कमिश्नर के नहीं आने तक थाने के अंदर ही धरना देना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने थाने के अंदर ही हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया। रविवार को धरने के दौरान ADCP वीरेंद्र सिंह और ACP मंगलेश ने थाने में पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से समझाइश की। उन्होंने आक्रोशित लोगों को आश्वासन देते हुए लोगों को शांत करवाया, तब जाकर प्रदर्शनकारियों ने धरना खत्म किया। इस दौरान पास के थानों का जाब्ता भी मौके पर बुलाया गया। बुधवार को देर रात युवक के साथ हुई थी मारपीट दरअसल, जोधपुर शहर के आखलिया चौराहे पर थाने के पास बुधवार देर रात को युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। जोधपुर निवासी मनीष जोशी 29 अप्रैल की रात को बाइक से जा रहा था। आखलिया चौराहे पर एक कार से बाइक की टक्कर हो गई। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। हादसे के बाद कार सवार सिवांची गेट की तरफ निकल गया था, उसका पीछा करते हुए बाइक सवार मनीष भी सिवांची गेट पहुंचा था। जहां मनीष को खांडा फलसा थाने के ठीक बाहर पीटा गया। इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस के सामने विरोध जताया था। खांडा फलसा थानाधिकारी ने बरती लापरवाही बता दें कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को डिटेन किया था। मामले में लापरवाही बरतने पर खांडा फलसा थानाधिकारी बलवंत राम को लाइन हाजिर किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि तब अधिकारी शराब के नशे में थे। प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों ने पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गवाहों पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाने, घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।