गर्मी की छुट्टियों में यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो बड़ी राहत दी हैं। एक और जहां जोधपुर से जम्मू जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस को 1 अप्रैल से अपने पूरे मार्ग पर फिर से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, दूसरी और हावड़ा रूट पर चलने वाली दो प्रमुख सुपरफास्ट एक्सप्रेस को भी बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव की मंजूरी मिल गई है। रेलवे के इन दोनों फैसलों से लंबी दूरी के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। हावड़ा रूट के यात्रियों को नई सुविधा जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन संख्या 12308 (जोधपुर-हावड़ा सुपरफास्ट) का 1 अप्रैल से बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव शुरू किया जा रहा है। इसी प्रकार सप्ताह में तीन दिन चलने वाली ट्रेन संख्या 22308 (बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट) का ठहराव 2 अप्रैल से शुरू होगा। डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि दोनों ट्रेनों के बांदीकुई स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 6:08 बजे और रवानगी का समय 6:10 बजे निर्धारित है। वापसी दिशा में हावड़ा-जोधपुर (ट्रेन संख्या 12307) का ठहराव 15 फरवरी से और हावड़ा-बीकानेर (ट्रेन संख्या 22307) का ठहराव 14 फरवरी से पहले ही शुरू किया जा चुका है। वापसी दिशा में इन ट्रेनों का बांदीकुई स्टेशन पर आगमन समय रात 10:20 बजे और रवानगी समय 10:22 बजे तय है। ट्रेनों का नया शेड्यूल: जोधपुर-हावड़ा (12308): 1 अप्रैल से बांदीकुई में ठहराव (सुबह 6:08 बजे)। बीकानेर-हावड़ा (22308): 2 अप्रैल से बांदीकुई में ठहराव (सुबह 6:08 बजे)। कठुआ-माधोपुर रेलखंड की मरम्मत पूरी, जम्मूतवी तक सीधी दौड़ जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण ब्रिज संख्या-17 में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण ट्रेन संख्या 14803/14804 (भगत की कोठी-जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस) को पठानकोट और जम्मूतवी रेलवे स्टेशनों के बीच आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा था। सीनियर डीसीएम ने स्पष्ट किया कि अब कठुआ-माधोपुर रेलखंड पर मरम्मत और तकनीकी कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसके चलते रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन को पुनः अपने पूरे रूट पर चलाने का आदेश जारी किया है। गर्मी की छुट्टियों में माता वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए इसके तहत अग्रिम आरक्षण भी शुरू कर दिया गया है। भगत की कोठी-जम्मूतवी (14803): 1 अप्रैल से पूरे मार्ग पर बहाल। जम्मूतवी-भगत की कोठी (14804): 2 अप्रैल से पूरे मार्ग पर बहाल।