जोधपुर में शनिवार को मौसम ने दिन भर अपना कड़ा रुख दिखाया, लेकिन शाम होते-होते राहत भरा मोड़ ले लिया। सुबह से तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान किया, वहीं शाम को बादलों की आवाजाही और हल्की हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत दिलाई। जोधपुर शहर में आज दिन की शुरुआत अपेक्षाकृत सामान्य तापमान के साथ हुई, जहां सुबह का पारा करीब 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई और दोपहर तक यह 40 डिग्री के पार पहुंच गया। अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती गर्मी के कारण सड़कें सूनी दिखी दिन भर तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी के कारण सड़कों पर कम ही लोग नजर आए और अधिकांश लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहे। बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और हल्की हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की गई। इस बदलाव ने दिन भर की तपिश से परेशान लोगों को राहत दी और मौसम कुछ हद तक सुहावना हो गया। लोगों ने ठंडी हवाओं का लिया आनंद मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली और शाम के समय बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लिया। हालांकि, आने वाले दिनों में गर्मी का असर बरकरार रहने की संभावना जताई जा रही है।