जोधपुर शहर में देर रात मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। शहर के कई हिस्सों में रात एक बजे के करीब मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला। जोधपुर के बासनी क्षेत्र में देर रात तेज धमाके जैसी आवाज से लोग दहशत में नजर आए। बारिश की वजह से जोधपुर में अधिकतम तापमान में भी 3 डिग्री के करीब गिरावट देखने को मिली। शहर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सुबह के समय का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बिजली गिरने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई, लेकिन अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग सहम गए। इस दौरान कई जगहों पर बिजली भी काट दी गई। वहीं मौसम विभाग की ओर से आज भी जोधपुर, फलोदी सहित कई जिलों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक बारिश के साथ ही बिजली गरजने जैसी भी स्थिति बन सकती है। इसलिए सावधानी बरतें।।