प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जोधपुर और पचपदरा दौरे पर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और पचपदरा में रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी आज जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कल बहुत बड़ी सौगात राजस्थान को मिलने वाली है। प्रधानमंत्री कल रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने 17 जनवरी 2018 में इसका शिलान्यास किया था और उद्घाटन भी वही कर रही हैं। इससे राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। वहीं, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के जोधपुर पहुंचने से पहले तेज आंधी और उसके बाद आई बारिश ने तैयारियों को प्रभावित कर दिया। खराब मौसम के कारण नए एयरपोर्ट परिसर में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बनाया गए दो प्रवेश द्वार (आर्च गेट) तेज हवाओं में गिर गए। गेट के गिरने से एक मजदूर घायल हो गया। मजदूर के नाक और हाथ में चोट लगी। मजदूर को मथुरादास माथुर अस्पताल में ले जाया गया जिसे कुछ टांके लगाने के बाद छुट्टी दे दी गई। हालांकि एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल ने इसकी जानकारी होने से अनभिज्ञता जाहिर की है। वहीं, बैनर-पोस्टर और तैयार किया गया कॉरिडोर भी क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश और तेज हवाओं के चलते कार्यक्रम स्थल पर कुछ व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हो गईं। व्यस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश इसी बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली तथा मौसम से प्रभावित व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके बाद मुख्यमंत्री पचपदरा के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री को तय कार्यक्रम के अनुसार हैलीकॉप्टर से पचपदरा जाना था लेकिन खराब मौसम को देखते हुए वे सड़क मार्ग से ही पचपदरा के लिए रवाना हो गए। केंद्रीय मंत्री बोले-मोदी सरकार में जोधपुर का इंफ्रास्ट्रक्चर बदला वहीं, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 4 जुलाई का दिन जोधपुर और पूरे मारवाड़ के लिए ऐतिहासिक होगा। सालों के लंबे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों जोधपुर के नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण होने जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा- नया टर्मिनल केवल जोधपुर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी राजस्थान की जरूरतों को पूरा करेगा। वर्तमान एयरपोर्ट की तुलना में इसकी यात्री संभालने की क्षमता लगभग दस गुना बढ़ जाएगी, जिससे बढ़ती हवाई सेवाओं और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। शेखावत ने कहा कि पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पित होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। ऐसे में बेहतर एयर कनेक्टिविटी निवेश, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। 12 साल के बाद संकल्प हो रहा पूरा शेखावत ने कहा कि करीब 12 साल पहले सांसद बनने के बाद उन्होंने जोधपुरवासियों से एयरपोर्ट के विस्तार का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद आज वह सपना साकार हो रहा है और यह जोधपुर की जनता के विश्वास की जीत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार के कार्यकाल में जोधपुर के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव आया है। शहर को नई सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग, लगभग 2 हजार करोड़ रुपए की रिंग रोड, आधुनिक रेलवे स्टेशन, 42 नई लंबी दूरी की ट्रेनें, वंदे भारत एक्सप्रेस तथा एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं। पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को देगी नई दिशा शेखावत ने कहा- जोधपुर को जिस स्तर का विकास मिलना चाहिए था, वह अब लगातार हो रहा है। नया एयरपोर्ट टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। शेखावत ने जोधपुर और पूरे मारवाड़ की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा पश्चिमी राजस्थान के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शेखावत का स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात दिलाने पर एयरपोर्ट कार टैक्सी समिति ने भी केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान के नेतृत्व में शेखावत का साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जोधपुर एयरपोर्ट का नाम श्री करणी माता अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट रखने की उठी मांग जोधपुर एयरपोर्ट का नामकरण "श्री करणी माता अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट" किए जाने की मांग सामने आई है। प्रस्ताव में बताया गया है कि श्री करणी माता का मारवाड़ और बीकानेर क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और जनआस्था से गहरा संबंध रहा है। नामकरण प्रस्ताव समिति के नारायण सिंह तोलेसर , एडवोकेट सवाई दान चारण , दिनेश सिंह चारण ,एडवोकेट डुंगरदान चारण का कहना है कि पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित जोधपुर एयरपोर्ट का सामरिक महत्व भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनमान्यताओं के अनुसार 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों के दौरान क्षेत्र की रक्षा में श्री करणी माता का आशीर्वाद माना जाता है। ऐसे में क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं को देखते हुए जोधपुर एयरपोर्ट का नाम श्री करणी माता अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट रखा जाना उचित होगा।