जोधपुर के लूणी स्टेशन पर एक शराबी पटरियों पर आकर सो गया। सूचना पर आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक ने शराबी को पटरियों से हटाया। युवक की पहचान गोपाल के रूप में हुई है, जो स्टेशन के पास ही रहता है और मजदूरी का काम करता है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक उपनिरीक्षक रमेश मीणा के अनुसार गोपाल ने पूछताछ में बताया कि उसने शराब पी रखी थी और पटरियों पर चला गया। नशा अधिक होने की वजह से वह वहां से उठ नहीं पाया और वहीं लेट गया। आरपीएफ ने आरोपी गोपाल को नोटिस देकर पाबंद किया है। घटना गुरुवार अलसुबह करीब 3.15 की है। लालगढ़ साबरमती ट्रेन के लूणी पहुंचने पर सूचना मिली कि कोई व्यक्ति ट्रेन की पटरियों पर लेटा हुआ है। जिसे पटरियों से हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन 10 मिनट रुकी रही। गनीमत यह रही कि लोको पायलट की सतर्कता से हादसा टल गया। ट्रेन को पहले ही रोक लिया गया। इसके बाद आरोपी को पटरियों से हटाकर करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया।