जोधपुर में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। शनिवार को दिन के समय पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इस गर्मी के चलते अब पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की भीड़ में कमी नजर आने लगी है। जोधपुर के माचिया सफारी पार्क की बात की जाए तो यहां पर भी पर्यटकों की संख्या घटकर आधी रह गई है। माचिया पार्क के रेंजर करण सिंह राजपुरोहित ने बताया- आम दिनों में यहां 1 हजार से लेकर 1500 मरीज तक पार्क की विजिट करने आते हैं। लेकिन अप्रैल और मई माह में पढ़ने वाली गर्मी का असर उनकी संख्या पर भी पड़ा है। जोधपुर में इन दिनों माचिया पार्क में 500 से 700 मरीज पहुंच रहे हैं। जोधपुर के मेहरानगढ़ फोर्ट की बात की जाए तो यहां भी पर्यटकों की संख्या आधी रह गई है। जोधपुर मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि इन दिनों मेहरानगढ़ में 2 से ढाई हजार पर्यटक पहुंच रहे हैं। आम दिनों के ये आंकड़ा 5 से 6 हजार का है। इतने दिन जोधपुर एयरपोर्ट बंद था। इसका भी एक प्रमुख कारण है। वहीं, दूसरा कारण ईरान का युद्ध भी है, जिसके चलते विदेशी पर्यटक भी कम हुए हैं। अब एयरपोर्ट शुरू होने के चलते अनुमान है कि यह पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। बता दें कि जोधपुर में शनिवार को आसमान साफ रहा। इसके चलते दोपहर के समय तेज धूप निकली। इससे आम जन जीवन प्रभावित हुआ। हालांकि दिन में हवा चलने से थोड़ी राहत जरूर मिली।