कार से बाइक की टक्कर के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। बाइक सवार युवक को 50 से ज्यादा बदमाशों ने थाने के ठीक बाहर लोहे के सरियों और लाठियों से पीटा। घायल को सिर में गंभीर चोट लगने पर एमडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाने के बाहर भीड़ इक्ट्‌ठा हो गई। इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने खांडा फलसा थानाधिकारी बलवंतराम को भी लाइन हाजिर कर दिया है। इससे पहले पीड़ित पक्ष ने थानाधिकारी पर भी नशे में दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए अलग से शिकायत भी दी। घटना जोधपुर शहर के आखलिया चौराहा पर बुधवार देर रात की है। युवक को खांडा फलसा थाने के ठीक बाहर पीटा गया। भीड़भाड़ वाले सिवांची गेट इलाके और थाने के बाहर इस घटना से एकबारगी हालात तनावपूर्ण हो गए। युवक ने पीछा कर कार सवार को पकड़ा था जोधपुर निवासी प्रोटीन हाउस के मालिक मनीष जोशी पुत्र ओमप्रकाश जोशी 29 अप्रैल की रात बाइक से जा रहे थे। आखलिया चौराहे पर एक कार से बाइक की टक्कर हो गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। टक्कर मारने के बाद कार सवार सिवांची गेट की तरफ निकल गया था। बाइक सवार युवक मनीष उसका पीछा कर सिवांची गेट पहुंचा था। थाने के बाहर बाइक सवार को जमकर पीटा सिवांची गेट स्थित खांडा फलसा थाने के बाहर हनुमान मंदिर के पास दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हो गया था। घायल मनीष के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि वहां इकबाल खान उर्फ इक्कू बा के छोटे भाई और उसके साथ आए करीब 50 बदमाशों ने उनके बेटे पर जान से मारने के इरादे से लोहे के सरियों व लाठियों से कातिलाना हमला कर दिया। हमले में मनीष के सिर पर गंभीर चोट आई हैं। घटना के बाद भी पुलिस ने नहीं की रिपोर्ट दर्ज थाने के बाहर हुए इस घटनाक्रम के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल के पिता ने बताया कि घटना के बाद भी काफी देर तक पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और लंबे समय से लापरवाही बरतने वाले खांडा फलसा थानाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि वे रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक थाने के बाहर खड़े रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने उन्हें आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस टीम मामले की जानकारी मिलने पर रात्रि गश्त कर रहीं एसीपी (सेंट्रल) मंगलेश चुंडावत भी मौके पर पहुंची। एसीपी चुंडावत ने बताया कि दो पक्षों के बीच एक्सीडेंट के बाद मारपीट की सूचना मिली थी। परिवादी पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस को घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रिपोर्ट में बताए गए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीमें उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थानाधिकारी पर नशे में दुर्व्यवहार का आरोप, दी शिकायत घटना के बाद भी पुलिस के मामला दर्ज नहीं करने से आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर विरोध जताना शुरू कर दिया। घायल मनीष के पिता ओमप्रकाश ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट तो दी ही, साथ ही साथ थानाधिकारी बलवंतराम के खिलाफ भी एसीपी सेंट्रल चुंडावत के नाम एक शिकायत भी दी। इसमें बताया कि घटनाक्रम के बाद देर रात थाने पहुंचे थानाधिकारी ने शराब के नशे में पीड़ित व उनके साथ आए लोगों से दुर्व्यव्हार किया। यहां तक कि मामला दर्ज करने में भी आनाकानी की।