जोधपुर में 9 अक्टूबर को हुई युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में मंगलवार को पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर पूर्व के मथानिया थाना क्षेत्र में बालरवा गांव में रूपाराम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। घटना के संबंध में रूपाराम के पिता मंगलाराम बावरी निवासी बालरवा ने मथानिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि मेरा बेटा रूपाराम (32) कृषि कार्य करता था। रूपाराम 9 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच बालरवा बस स्टैंड गया हुआ था। वहां प्रेमाराम पुत्र बींजाराम और ओमाराम पुत्र गंगाराम सहित अन्य लोगों ने धारदार हथियार से मेरे बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे रूपाराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सीसीटीवी से आरोपियों को पकड़ा इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मथानिया थानाधिकारी तुलसी चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में मुलाराम पुत्र बींजाराम, भुराराम पुत्र श्रवणराम और रूपाराम पुत्र छोगाराम निवासी बालरवा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और रूपाराम की बाइक भी बरामद कर ली है।