जोधपुर शहर के 100 वार्डों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत बुधवार से हो गई है। वहीं कल शहर के 10 वार्डों में सफाई अभियान चलेगा। इधर, बुधवार को जोधपुर मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने काम शुरू किया। इस दौरान वे नगर निगम में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक शहरवासियों की समस्याएं सुनेंगे। वहीं बुधवार को डिप्टी मेयर विजय पंवार ने कार्य संभाला। मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया- लंबे समय से निगम से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने कामों के लिए बार-बार निगम नहीं आना पड़े। शहर की सफाई, सड़क और रोड लाइट व्यवस्था होगी बेहतर मेयर ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता है। सड़कों के गड्ढे भरने, खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने, आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने और सफाई व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान शुरु होगा- मेयर मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया कि शहर के 100 वार्डों में स्ट्रीट लाइट से संबंधित लगभग 80 प्रतिशत समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। सड़कों पर गड्ढों को भरने के लिए जगह-जगह मरम्मत कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 14 अक्टूबर से शहर के सभी 100 वार्डों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे तथा जब तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। उपमहापौर विजय सिंह पवार ने संभाला पदभार नगर निगम के डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि शहर में बदलाव के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। पंवार ने कहा कि महापौर प्रसन्नचंद मेहता के अनुभव और युवा पार्षदों की रचनात्मकता के समन्वय से जोधपुर के विकास को नई दिशा मिलेगी। दीपावली से पहले पूरे शहर को स्वच्छ और रोशन बनाना प्राथमिकता है। त्योहार के बाद सभी पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर के विकास के लिए प्लानिंग तैयार की जाएगी। शहर में कल भी चलेगा सफाई अभियान निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कहा कि अभियान के तहत बुधवार को वार्ड संख्या 36, 11, 6, 10, 85, 66, 82, 57, 49 एवं 58 में सफाई अभियान चलाया गया। वहीं गुरुवार को वार्ड संख्या 7,12, 34, 41, 46, 52, 59, 72, 86 और 88 में सफाई अभियान चलाया जाएगा ।