जोधपुर पश्चिम के सरदारपुरा थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी सदर बाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के माल समेत कुल 36 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद किया है। मामले का खुलासा करते हुए थाना अधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया नागौर जिले के बरणगांव निवासी सुनील (30) वर्तमान में प्रथम बी रोड स्थित श्रीकृष्णा भवन में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता है। बीती 27 जून को दोपहर के समय कोई अज्ञात चोर उसके कमरे से 2 मोबाइल फोन ओर 5300 नगद चुराकर ले गया था। घर में चोरी की शिकायत के बाद शुरू की थी जांच पीड़ित ने जब मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो दोपहर करीब 3 बजे चोला-पाजामा पहने एक संदिग्ध व्यक्ति घर में घुसता और चोरी कर बाहर निकलता दिखाई दिया। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 33 मोबाइल चोरी की बात कबूली पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली आसूचना और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गहन पूछताछ में आरोपियों ने सरदारपुरा और आसपास के इलाकों से अलग-अलग समय पर करीब 33 मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की है। इसके बाद सैयद यासीन अली उम्र 25 वर्ष, निवासी सोजती गेट के अंदर, थाना सदर बाजार जोधपुर पूर्व ओर मोहम्मद तोसीफ खिलजी 25 वर्ष: निवासी बाबानाडी, थाना प्रतापनगर जोधपुर को गिरफ्तार किया गया। अलग-अलग थानों में 26 केस हैं दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सैयद यासीन अली एक आदतन और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ साल 2013 से लेकर 2026 तक अलग-अलग थानों सदर बाजार, रातानाडा, शास्त्रीनगर, महामंदिर, देव नगर, खाण्डाफलसा में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के कुल 26 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, वह प्रतापनगर थाने में भी चोरी के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सरदारपुरा थानाधिकारी जयकिशन सोनी, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रहलाद, कांस्टेबल मोतीलाल (विशेष भूमिका), कैलाश (विशेष भूमिका), महेन्द्र, संतराम, राजाराम और विष्णुदत्त शामिल रहे।