जोधपुर की डांगियावास थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ा है। जो 117.370 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नरेश पुत्र लादुराम विश्नोई (32),निवासी धायलों की ढाणी बिसलपुर वर्ना गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त भरकर अपने घर लेकर आया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी मौके पर ही अपनी वर्ना कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। उसमें 117.370 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इसे पुलिस ने जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। झालावाड़ और कोटा में फरारी काट रहा था घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर झालावाड़ और कोटा क्षेत्र की तरफ फरारी काट रहा था। डांगियावास थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोटा में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 सितंबर को नयापुरा कोटा से आरोपी नरेश को दस्तयाब कर लिया। अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया- आरोपी से पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। प्राथमिक अनुसंधान में तस्करी में इस्तेमाल की गई वर्ना कार के चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और गाड़ी के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी राजूराम काला, ASI परमेश्वरलाल, कॉन्स्टेबल महेंद्र, अनिल, कॉन्स्टेबल रिछपाल सिंह, मनीष और राजेंद्र शामिल रहे।