साइबर ठगों को किराए पर बैंक खाते उपलब्ध करवाकर उनमें ठगी की रकम जमा कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। केंद्र की एजेंसियों के साथ मिलकर देशव्यापी स्तर पर ऐसे खातों की पहचान कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड के जरिए ठगी के 2 लाख रुपए अपने खाते में लेने के आरोप में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन प्रजापत (28) पुत्र सम्पतराज प्रजापत निवासी गली नंबर 2, सिसोदिया गार्डन, पाल रोड, राजीव गांधी नगर, थाना देवनगर के रूप में हुई है। मामले की जांच चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना प्रभारी स्वयं कर रहे हैं। पुलिस ने आमजन से की अपील, किसी को भी OTP नहीं बताएं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते की जानकारी साझा न करें। मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आने पर OTP किसी को न बताएं। साथ ही किसी भी लालच या किराए के बहाने अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं करवाएं। गौरतलब है कि जोधपुर साइबर थाना पुलिस इससे पहले भी किराए पर खाते उपलब्ध कराने वाले एक सिंडिकेट का खुलासा कर चुकी है। पूर्व में इस तरह के मामलों में कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। बढ़ते साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए अब केंद्र सरकार के स्तर पर विशेष अभियान चलाकर ऐसे खाताधारकों की पहचान की जा रही है। इसका उद्देश्य साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।