जोधपुर के पंचायत चुनावों में नशे की अवैध बिक्री रोकने के लिए ग्रामीण पुलिस सजग है। इसे लेकर डीएसटी जोधपुर ग्रामीण और पुलिस थाना आसोप की संयुक्त टीम ने दबिश देकर एक तस्कर के कब्जे से 59.100 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। आरोपी ने टीन शेड में माल छिपा रखा था। ग्रामीण SP पंकज यादव और ASP रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पालड़ी राणावता निवासी नारायण राम ने अपने घर के पास बने टीनशेड में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त छुपा रखा है। इस सूचना पर पुलिस ने आरोपी के मकान पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान टीनशेड में रखे प्लास्टिक के 3 कट्टों से कुल 59.100 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी नारायण राम पुत्र मंछाराम जाटको गिरफ्तार किया। मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों को चेतावनी ग्रामीण SP पंकज यादव ने कहा कि चुनावों के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पंचायती राज चुनावों के दौरान मतदाताओं को अवैध मादक पदार्थ परोसकर प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि अवैध मादक पदार्थ रखकर सेवन या विक्रय करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध संगठित अपराध की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा, जिसमें कम से कम 5 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।