जोधपुर की डीएसटी पश्चिम और सरदारपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दुकान से बड़ी मात्रा में ब्रांडेंड कंपनियों के कॉपी आर्टिकल बरामद किए। सरदारपुरा थाने के गोल बिल्डिंग स्थित एक कपड़ों की शॉप पर गुरुवार रात 8 बजे ये कार्रवाई की गई। यहां यूएस पोलो, जारा समेत दूसरे ब्रांडेंड कंपनियों के 2300 से ज्यादा पेंट-शर्ट के साथ लोअर और टी शर्ट बरामद किए गए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने की थी शिकायत सरदारपुरा थाने के सुराराम ने बताया- कंपनी प्रतिनिधियों को ब्रांडेंट कंपनी के कॉपी आर्टिकल बेचने की​ शिकायत मिली थी। इसके बाद जब इसकी पुष्टि हुई तो पुलिस में इसकी शिकायत दी। इसके बाद सरदारपुरा थाना पुलिस डीएसटी टीम के साथ गोल बिल्डिंग ​स्थित राहुल की शॉप पर पहुंचे। यहां बड़ी मात्रा में लेवीस, जारा, यूएस पोलाे और प्यूमा के पेंट-शर्ट समेत लोअर और टी शर्ट मिले। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 4 बजे तक जांच की गई। सामने आया कि यहां अलग-अलग ब्रांडेंड कपंनियों के 2394 आर्टिकल मिले। कार्रवाई में डीएसटी टीम के साथ सरदारपुरा थाना क्षेत्र के एसआई सुराराम, हेड कॉन्स्टेबल बजरंग मीणा, शिवलाल कॉन्स्टेबल धर्म सिंह और राजेश भी मौजूद रहे।